जालसाज प्रॉपर्टी डीलर भाईयों ने दूसरे की जमीन बेचकर 65 लाख रुपये हड़प लिए। मामले में राकेश सुंदरियाल निवासी हर्रावाला ने रायपुर पुलिस को तहरीर दी है। सुंदरियाल के मुताबिक उन्होंने अंशुल जयरथ और उनके भाई मयूर जयरथ से 1.15 करोड़ रुपये में जमीन खरीदने के लिए सौदा किया था। यह पूरी रकम उन्होंने अदा कर दी थी। इसके बाद जब पैमाइश हुई तो पता चला कि यह जमीन तो किसी दूसरे की है, जो जालसाजी कर जयरथ भाईयों ने उन्हें बेची है। इस पर जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो दोनों भाईयों ने उन्हें 50 लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन बाकी रकम वापस नहीं की। आरोप है कि दोनों अब उसे धमकियां भी दे रहे हैं। एअसो रायपुर दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ मार्च में भी एक मुकदमा दर्ज हुआ था। मा.सि.रि.