I
I- खरीदारी करने वाले लोगों को हुई परेशानीI
मुख्य बाजार में बुधवार को पैठ बाजार लगने से चौपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहा। लोग पैदल और दोपहिया वाहनों से खरीदारी के लिए पहुंचे। इधर, फुटपाथ पर पहले से ही कब्जा था। ऐसे में लोगों को अपने दोपहिया वाहनों को खड़ा करने के लिए जगह नहीं मिली। सड़कों पर ही आड़े-तिरछे वाहन खड़े करने पड़े। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ी। कई जगहों पर वाहन हटाने के लिए लोगों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।
मुख्य बाजार के आसपास पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। बाजार में चौपहिया वाहनों का प्रवेश तो बंद कर दिया गया, लेकिन फुटपाथ पर दुकान सज जाने से जाम से राहत नहीं मिल सकी। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, रिटेल मार्ट, बड़े प्रतिष्ठानों और रेस्टोरेंटों आदि में बेसमेंट पार्किंग है, लेकिन वहां भी सामान भरा था। खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने में मशक्कत करनी पड़ी। देखते ही देखते आधी सड़क पर दोपहिया वाहनों का जमावड़ा लग गया। खरीदारी करने के बाद दुकानों से बाहर निकले कई लोगों के वाहन अन्य वाहनों के बीच फंस गए। इससे उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोग वाहनों के मालिकों का पता करने के लिए आसपास की दुकानों में उन्हें खोजते नजर आए। इस दौरान वाहन हटाने के लिए लोगों की आपस में बहस हुई। पुलिस लोगों से वाहनों को फुटपाथ के नजदीक खड़ा करने की अपील करती रही। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि चौपहिया वाहनों को बाजार में प्रवेश करने नहीं दिया जा रहा है। वाहनों को कैनाल रोड, वेदांश स्वीट शॉप से कोतवाली रोड और सैयद रोड की ओर डायवर्ट किया गया। लेकिन, पार्किंग की जगह न होने के चलते दोपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े होते रहे। पार्किंग का कोई विकल्प हीं नहीं है।