- आरटीआई एक्टिविस्ट दीपक सक्सेना ने प्रेसवार्ता कर की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मसूरी। आरटीआई एक्टिविस्ट दीपक सक्सेना ने नगर पालिका के वरिष्ठ सहायक के शैक्षिक दस्तावेज फर्जी बताए हैं। उन्होंने दावा किया कि शहरी विकास निदेशालय की जांच में वरिष्ठ सहायक के हाईस्कूल और इंटर के अंकपत्र फर्जी पाए गए हैं।
बुधवार को आरटीआई एक्टिविस्ट दीपक सक्सेना ने पत्रकार वार्ता कर आरोप लगाया कि नगर पालिका के वरिष्ठ सहायक विनोद कुमार ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर पद हासिल किया। इसकी उन्होंने शासन में शिकायत की थी। उन्होंने दावा किया कि विनोद कुमार ने हाईस्कूल और इंटर के जो दस्तावेज पालिका में लगाए, वो जांच में गलत पाए गए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि शहरी विकास निदेशालय ने विनोद कुमार को कारण बताने के भी निर्देश दिए हैं।
सक्सेना ने विनोद कुमार के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग भी की। वहीं, वरिष्ठ सहायक विनोद कुमार ने आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है। अभी उन्हें कुछ भी नहीं कहना है।