कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर के साथ प्रतिनिधिमंडल ने मेयर सौरभ थपलियाल व नगर आयुक्त नमामी बंसल से भेंट की। उन्होंने मोहल्ला समिति में हुए फर्जीवाड़े के दोषियों पर कार्रवाई और रकम की रिकवरी की मांग की।
अभिनव थापर ने कहा कि हमने आरटीआई और पत्राचार के माध्यम से 2019 से 2024 तक मोहल्ला समिति में अनियमितता व भ्रष्टाचार का खुलासा किया था, इसी पर जांच हुई। जांच में 99 कर्मचारियों को फर्जी पाया गया और 99 करोड़ रुपये का घपला सामने आया था। अभी तक न जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की गई और न रिकवरी हुई है। उन्होंने मांग की कि पुलिस की कार्रवाई भले ही गतिमान हो, लेकिन दोषियों से सरकारी धन की ब्याज सहित रिकवरी करने का नियम है, जिसको तत्काल किया जाना चाहिए।
कहा कि यदि रिकवरी नहीं हुई तो सड़क से लेकर न्यायालय तक संघर्ष किया जाएगा। मेयर ने कहा कि अब नियमानुसार रिकवरी भी जांच के बाद कराई जाएगी। इस दौरान युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मोहित मेहता मोनी, उपाध्यक्ष नवीन रमोला, गगन छाछर, नितिन चंचल, रोहित अरोड़ा, आशीष, इंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।