सेलाकुई में कैंडल मार्च निकालते कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता। स्रोत दल
- अंकिता हत्याकांड में शामिल आरोपियों पर की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सेलाकुई। अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी की भूमिका के खुलासे व पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं ने सेलाकुई बाजार में कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने कहा सरकार घटना की सच्चाई को दबाने का प्रयास कर रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के माध्यम से आयोजित किए गए कैंडल मार्च में शामिल कार्यकर्ता व नेता नारेबाजी करते हुए सरकार से सीबीआई जांच की मांग करते रहे। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने कहा सरकार जानबूझकर सीबीआई जांच से बच रही है। सरकार को पता है अंकिता के असली कातिल कौन हैं। उन्होंने कहा जब तक सच्चाई जनता के सामने नहीं आ जाएगी तब तक कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। कैंडल मार्च राजा रोड स्थित एक पैट्रोल पंप से प्रारंभ होकर मेन बाजार होते हुए शहीद सत्येंद्र चौक पर समाप्त हुआ।
इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने अंकिता हत्याकांड की घटना में सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा वीआईपी का नाम सामने आ जाने के बाद भी सरकार उसे बचाने में लगी हुई है। पीड़ित परिवार के इंसाफ के लिए कांग्रेस सड़कों पर संघर्ष करेगी। ब्लॉक प्रमुख अर्चना रावत ने सरकार के महिला सुरक्षा के दावों पर सवाल उठाए। कैंडल मार्च में जिलाध्यक्ष संजय किशोर, ब्लॉक अध्यक्ष अमित पवार, नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित चौधरी, लालचंद शर्मा, राकेश नेगी, संजय रावत, शिव सिंह कलूड़ा, जितेंद्र गुप्ता आदि शामिल रहे।