-यूकेएसएसएससी ने तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम किया आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने अपने कार्मिकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें परीक्षा की नवीन तकनीकी की जानकारी दी।
सभी कार्मिकों को जैमर प्रोटोकॉल और उसकी क्रियाविधियां, बायोमीटि्रक, सीसीटीवी एवं पारदर्शी परीक्षा संपादित कराने में नए इनोवेशन, सीबीटी एवं ऑनलाइन आवेदन पत्र प्राप्ति से संबंधित विषयों की जानकारी दी गई। आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने इन सभी तकनीकों का इस्तेमाल शत-प्रतिशत आयोग हित में करने के निर्देश दिए। अपर सचिव नवनीत पांडेय ने प्रशिक्षणार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए आयोग की परीक्षाओं को पारदर्शिता से कराने की अपेक्षा की। इस मौके पर आयोग के सदस्य एसएस सिंह रौतेला, प्रताप सिंह शाह, सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल, परीक्षा नियंत्रक हिमांशु कफल्टिया मौजूद रहे।