- तहसील मुख्यालय पर उक्रांद ने किया प्रदर्शन
- अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेसी
विकासनगर। उत्तराखंड क्रांति दल की पछवादून इकाई के कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में कराए जाने की मांग की। उन्होंने अपनी मांग से संबंधित एक ज्ञापन भी एसडीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को प्रेषित किया।
उक्रांद कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पर सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उक्रांद नेता शैलेश गुलेरी ने कहा यह केवल एक हत्या का मामला नहीं बल्कि सत्ता संरक्षित अपराध का ज्वलंत उदाहरण है। जांच को प्रभावित करने, सबूतों को कमजोर करने और दोषियों को बचाने के प्रयास बार-बार सामने आ रहे हैं जिससे यह लग रहा है यह सरकार न्याय नहीं बल्कि अपराधियों की ढाल बनकर खड़ी है।
उक्रांद के केंद्रीय संगठन सचिव प्रकाश भट्ट ने कहा जब तक इस हत्याकांड में शामिल वीआईपी को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जाता तब तक कार्यकर्ता चैन से नहीं बैठेंगे। वक्ताओं ने हत्या के मामले की चल रही सीबीआई जांच को सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में कराए जाने की मांग की। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा यदि उनकी मांग को पूरा नहीं किया गया तो कार्यकर्ता प्रदेश व्यापी आंदोलन चलाएंगे। प्रर्दशन करने वालों में जिलाध्यक्ष जितेंद्र पंवार, केंद्रीय सचिव मनोज कंडवाल, जयकृष्ण सेमवाल, मायाराम ममगाईं, यशपाल नेगी, विपिन, नरेंद्र कुकरेती, मायाराम ममगाई, कमला, शशि, बीना, सुमित राणा, सीमा कुकरेती, अंकित सजवाण आदि उपस्थित रहे।