ग्रामीण संपर्क मार्गों पर दिन-रात दौड़ रहे अवैध खनन के वाहनों ने लोगों की नींद उड़ाकर रख दी है। नदियों से उपखनिज चोरी कर ला रहे ये वाहन जहां संपर्क मार्गों को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं, वहीं इनकी तेजरफ्तार से हर वक्त हादसों की आशंका बनी हुई है।
कई हादसों के बाद भी अवैध खनन के धंधे में लगे इन वाहनों के चालक और मालिकों पर पुलिस प्रशासन का कतई खौफ नहीं है। लोग कई बार इनकी शिकायत भी पुलिस-प्रशासन से कर चुके हैं, मगर कोई कार्रवाई नहीं होती।
वाहनों का आतंक
ऐसा ही एक गांव है बैरागीवाला। जहां खनन के वाहनों का आतंक बना है। सड़क पर पूरी रात खड़-खड़ करती ट्रैक्टर-ट्रालियां लोगों को सोने तक नहीं देती। शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने से खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय निवासी विक्की कश्यप, रोशन लाल, जीत सिंह, रघुवीर, सुभाष, मदनलाल, नीरज, शेर सिंह, जगपाल आदि ने कहा कि उन्होंने पूर्व में उपजिलाधिकारी को लिखित शिकायत की थी। जिस पर एसडीएम ने सहसपुर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए था।
कोई कार्रवाई नहीं
मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि सुबह शाम आसन नदी में अवैध खनन करने के लिए दर्जनों ट्रैक्टर ट्रालियां उतरी रहती हैं। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रालियां गांव के संपर्क मार्ग से होकर गुजरती हैं। जिससे बच्चों को खतरा बना रहता है। संपर्क मार्ग को ये वाहन भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। एसडीएम एके पांडेय ने कहा कि कार्रवाई के लिए पुलिस को निर्देशित किया जाएगा।