उत्तराखंड में रविवार को मौसम शुष्क रहा। राजधानी में दिनभर तेज धूप की वजह से तापमान में दस डिग्री का उछाल आया। मौसम विभाग ने सोमवार को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। प्रदेश में रविवार को सुबह से ही चटख धूप खिली। राजधानी में भी सुबह की शुरुआत तेज धूप से हुई। धूप की वजह से शनिवार के मुकाबले
रविवार को तापमान में 10 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जहां शनिवार को बारिश के बीच राजधानी का तापमान 14.6 डिग्री था, वहीं रविवार को तेज धूप खिलने की वजह से तापमान 24.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। उन्होंने बताया कि राजधानी में भी आसमान साफ रहेगा। सोमवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक जा सकता है।