खाद्य आयुक्त बोले- घरेलू गैस की आपूर्ति लगभग सामान्य
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड में यदि किसी के घर, परिवार में शादी है तो गैस के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। शादी समारोह के लिए अस्थाई गैस कनेक्शन मिलेगा। इसके लिए आपको गैस एजेंसी में आवेदन करना होगा।
खाद्य आयुक्त आनंद स्वरूप ने अपने कार्यालय में मीडिया से वार्ता के दौरान कहा कि प्रदेश में घरेलू गैस की आपूर्ति लगभग सामान्य है। राज्य में हर दिन 5300 व्यावसायिक सिलिंडर दिए जा रहे हैं। वहीं शादी समारोह के लिए दो व्यावसायिक गैस सिलिंडर अलग से दिए जाएंगे। घरेलू गैस का 2.68 लाख का बैकलॉग है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
खाद्य आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में अब तक 36300 घरों को पीएनजी से जोड़ा गया है। अप्रैल तक राज्य में एक से डेढ़ लाख परिवारों को पीएनजी से जोड़ दिया जाएगा। कहा कि पीएनजी के लिए मुख्य पाइप लाइन से जुड़ने की जरूरत नहीं है। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों और पर्वतीय जिलों में टैंक बनाए जा सकते हैं। इस दौरान अपर खाद्य आयुक्त पीएस पांगती भी मौजूद रहे।
15 के खिलाफ मुकदमा, 85100 जुर्माना
खाद्य आयुक्त ने कहा, रसोई गैस की कालाबाजारी की शिकायत पर 87 स्थानों पर छापा मारा गया। जिसमें 15 मुकदमे दर्ज किए गए, 85100 रुपये जुर्माना लगाया गया है। साथ ही 672 रसोई और 139 व्यावसायिक सिलिंडर जब्त किए गए हैं।
-
लकड़ी का इंतजाम करे वन निगम
खाद्य आयुक्त ने कहा, वैकल्पिक ऊर्जा पर भी ध्यान देना होगा। चंपावत में पिरुल का इस्तेमाल ब्रिकेटिंग के माध्यम से ईधन के रूप में किया जा रहा है। वन निगम को भी लकड़ी का इंतजाम करने के लिए कहा गया है। वन निगम डिपो में पर्याप्त लड़की रखवाई गई है।