विकासनगर। सीवर और पेयजल लाइन निर्माण के लिए खोदी गई सड़कों का निर्माण कार्य तेजी के साथ चल रहा है। तेलपुर सड़क का डामरीकरण कार्य पूरा हो गया है। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को अन्य सड़कों के भी डामरीकरण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने उन्हें बताया प्राथमिकता के आधार डामरीकरण कार्य किया जा रहा है।
यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक लोकेश कुमार ने विधायक को बताया मंडी चौक, ब्लॉक सड़क और बाबूगढ़ से कोतवाली सड़क के बीच डामरीकरण का कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया था। उसके बाद तेलपुर सड़क पर दुर्गा मंदिर तक करीब दो किलोमीटर सड़क का डामरीकरण कार्य किया गया। उन्होंने बताया स्थानीय लोगों ने दुर्गा मंदिर से कुछ आगे करीब 500 मीटर हिस्से की भी मरम्मत की मांग की थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए यह कार्य भी साथ-साथ पूरा कर लिया गया था। उन्होंने बताया कार्य पूरा करने के साथ अन्य सड़कों की मरम्मत भी की जा रही है। इस दौरान कार्यदायी संस्था ईएमएस के परियोजना प्रबंधक भागेंद्र राणा, अंकित अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।