- मुख्यमंत्री धामी से मिला टिहरी बांध विस्थापितों का प्रतिनिधिमंडल
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से टिहरी बांध विस्थापित क्षेत्र संघर्ष समिति पथरी हरिद्वार व ग्राम पंचायत आदर्श टिहरी नगर बहादराबाद के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर विस्थापितों को भूमिधरी अधिकार देने व पुनर्वास से संबंधित समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
शुक्रवार को सीएम आवास में मुख्यमंत्री ने टिहरी बांध विस्थापितों की मांग पर जिलाधिकारी हरिद्वार व टिहरी से दूरभाष पर वार्ता निर्देश दिए कि प्रकरण में वैधानिक व प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूर्ण करते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए, जिससे विस्थापित परिवारों को शीघ्र राहत मिल सके। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि टिहरी बांध परियोजना से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास और उनके अधिकारों का संरक्षण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस मौके पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, सचिव एसएन पांडेय, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।