टीचरों की तबादला नियमावली में संशोधन किया जाएगा। शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि इसमें संशोधन के बाद टीचरों का एक मंडल से दूसरे मंडल में तबादला पांच साल के बजाए तीन साल की सेवा पूरी करने पर किया जा सकेगा। शिक्षक संघ की मांग पर शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों को नियमावली में संशोधन का आश्वासन दिया।
शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि हड़ताली टीचरों के खिलाफ उत्पीड़न की कार्रवाई नहीं की जाएगी। विभाग किसी भी टीचर के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई नहीं करेगा। इससे पहले राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री शिव सिंह नेगी ने कहा कि किसी भी टीचर के खिलाफ उत्पीड़न की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।
टीचरों की लंबित मांगों पर शिक्षा मंत्री ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके लिए सरकार रहे या जाए वे इसकी परवाह नहीं करेंगे। टीचरों को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री की आंखें भर आईं। उन्होंने कहा कि टीचरों को सीधे आमरण अनशन पर न बैठकर वार्ता का दौर जारी रखना चाहिए था। उनके अनशन पर बैठने से उन्हें बहुत कष्ट हुआ। वे टीचरों के हित की लड़ाई लड़ते रहे हैं। टीचरों के अनशन पर बैठने से वे पूरी रात नहीं सो पाए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग कोई लेने को तैयार नहीं है। इस विभाग को लेकर सब डरते हैं। इसकी वजह यह भी है कि इसके पीछे यह मान्यता है कि जो भी शिक्षा मंत्री बना वह चुनाव में हार गया, लेकिन उन्होंने यह रिस्क लिया और वे घबराने वालों में से नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार के दौरान उन्होंने अंशकालिक शिक्षकों की लड़ाई लड़ी। उन्हें नियमित कराया और चुनाव एक बार नहीं बल्कि तीन बार हार गए।
अनशन स्थल पर पहुंचे शिक्षा मंत्री ने विपक्षी दल पर जमकर तंज कसे। उन्होंने कहा कि यहां विपक्षियों का तांता लगा रहा। आंदोलन को लेकर उन्होंने टीचरों के बीच आकर उनका मनोबल बढ़ाया। हम राजनीतिक गिद्ध हैं। यदि हम विपक्ष में होते तो हम भी यहां आते।
सकारात्मक विपक्ष सकारात्मक दिशा देता है और नकारात्मक विपक्ष, गलत दिशा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला ऐसा प्रदेश है जहां टीचरों के प्रमोशन से पदस्थापन एवं तबादलों में काउंसिलिंग की व्यवस्था की गई है। टीचरों के तबादलों से पहले उनसे यह पूछा जाता है कि वे कहा जाना चाहते हैं। राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने कहा कि हड़ताल से पढ़ाई का जो नुकसान हुआ उसकी भरपाई के लिए टीचर स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं लगाएंगे।
अदालतों के माध्यम से हो रहा धमकाने का काम : चौहान
टीचरों के अनशन स्थल पर पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना चौहान ने कहा कि अदालतों के माध्यम से धमकाने का काम हो रहा है। अदालतें लोकतांत्रिक अधिकारों पर लगाम नहीं कस सकती। उन्होंने कहा कि अपने ही किसी व्यक्ति को कोर्ट भेजकर पीआईएल लगाई जाती है और अदालतों के माध्यम से धमकाने का काम किया जा रहा है।
आंदोलन स्थगित करने से कुछ टीचर नाराज
पिछले कई दिनों से चल रहे आंदोलन को बगैर शासनादेश स्थगित किए जाने पर कुछ टीचरों ने नाराजगी जताई। शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में इन टीचरों ने कहा कि उनकी 18 सूत्री मांगों पर अमल नहीं हुआ। मांगों के नाम पर उन्हें गुमराह किया जा रहा है। कुछ शिक्षक नेताओं ने पद से इस्तीफे को लेकर जनपद देहरादून के ब्लॉक अध्यक्ष और मंत्रियों के हस्ताक्षर कराए।
आज देहरादून जनपद के समस्त स्कूलों के एवं जौनपुर व नरेंद्रनगर ब्लॉक के शिक्षक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से शिक्षक संघ पदाधिकारी दून पहुंचेंगे और शिक्षा निदेशालय में प्रदर्शन कर धरना देंगे। जबकि इसके अगले दिन प्रदेश के समस्त प्राथमिक विद्यालय बंद रहेंगे।
- वीरेंद्र कृषाली, जिला अध्यक्ष