विकासनगर। सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) की सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से एजुकेटिंग पैरेंट्स अबाउट एजुकेशन विषय पर कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम मंगलवार को द हिमालयन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के 30 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।
सत्र का संचालन दून इंटरनेशनल स्कूल की प्रीति कौशिक तथा आर्मी पब्लिक स्कूल बीरपुर गढ़ी कैंट की शालिनी शुक्ला ने किया। उन्होंने अभिभावकों की प्रभावी सहभागिता, आपसी संवाद और विद्यालय-अभिभावक के बीच मजबूत साझेदारी बनाने की व्यावहारिक रणनीतियां साझा कीं। प्रधानाचार्य सुनील दत्त के मार्गदर्शन तथा उप-प्रधानाचार्य स्वेतलाना के समन्वय में कार्यक्रम संपन्न हुआ।