दस साल से शिक्षक बनने का ख्वाब देख रहे बीएड टीईटी बेरोजगारों का इंतजार आज-कल में खत्म होने वाला है। नियुक्ति के लिए शिक्षा विभाग ने वरिष्ठता के आधार पर 2794 बीएड टीईटी प्रशिक्षितों की सूची तैयार कर ली है। बेरोजगारों के अलावा शिक्षकों के लिए तरस रहे स्कूलों के लिए भी यह अच्छी खबर है।
बीएड टीईटी पास प्रशिक्षित बेरोजगार पिछले कई वर्षों से नियुक्ति की मांग करते आ रहे हैं। एक फरवरी 2014 को विभाग ने 918 पदों के लिए नियुक्ति विज्ञप्ति जारी की थी। कुछ समय बाद पदों की संख्या बढ़ाकर 2794 कर दी गई थी।
यह नियुक्ति वरिष्ठता के आधार पर होनी थी। यानी जिन अभ्यर्थियों ने पहले बीएड किया उन्हें प्राथमिकता मिलती। चयन के इस मानक के खिलाफ कुछ बेरोजगार कोर्ट चले गए थे। इनकी मांग थी कि नियुक्तियां वर्षवार के बजाय मेरिट के आधार पर हों। इस कारण यह मामला लटका हुआ था।
सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने वरिष्ठता के आधार पर भर्ती करने का निर्देश दिया था। इसके बाद एससीईआरटी ने वर्षवार मेरिट सूची तैयार की। सूची रविवार को जारी हो सकती है।