कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन और चौकीदार ने मिलकर एक छात्रा की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उसे विद्यालय से बाहर निकाल दिया गया। छात्रा का कसूर सिर्फ इतना था कि वह दीपावली की छुट्टी से जब वापस लौटी तो उसके पिता विद्यालय के अंदर साथ नहीं आए। पीड़ित छात्रा के पिता ने मामले की शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी से की है।
सोमवार को घर से आई थी स्कूल
मलकपुर गांव निवासी कक्षा दस की छात्रा शीतल पुत्री प्रीतम सिंह कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय अकबरपुर ऊद में पढ़ती है। वह दीपावली की छुट्टियों में घर चली गई थी। सोमवार को उसके पिता उसे विद्यालय में छोड़ने आए। छात्रा को बाहर छोड़कर उसके पिता किसी काम से चले गए। छात्रा के साथ कोई परिजन न देख विद्यालय की वार्डन आग बबूला हो गई। उसने पहले तो छात्रा को विद्यालय में प्रवेश ही नहीं करने दिया।
एक घंटे तक किया खड़ा
करीब एक घंटे तक छात्रा को विद्यालय के बाहर खड़ा रखा। इसके बाद छात्रा को अंदर बुलाया गया। पहले तो वार्डन कुमकुम ने छात्रा को पीटा। आरोप है कि इसके बाद चौकीदार सोनू ने भी उसकी पिटाई की। पिटाई करने के बाद वार्डन ने छात्रा को विद्यालय से बाहर निकाल दिया। छात्रा रोती हुई घर पहुंची और उसने अपने पिता को सारी बात बताई। छात्रा के पिता तुरंत ही विद्यालय पहुंचे।
वार्डन और चौकीदार ने भी की अभद्रता
उन्होंने छात्रा को विद्यालय से बाहर निकालने की वजह पूछी तो वार्डन ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया। छात्रा के पिता ने पूरे मामले की शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी माया प्रकाश विक्टोरिया से की है।