शनिवार सुबह जब मनप्रीत स्कूल पहुंचे तो प्रिंसिपल ने उन्हें स्कूल से चले जाने को कहा। इसकी भनक लगते ही कुछ स्कूली बच्चों ने अपने आप को क्लास में बंद कर लिया। किसी तरह से बच्चों को क्लास से बाहर निकाला गया लेकिन बच्चे शिक्षक का निलंबन रद्द करने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान उन्होंने मुख्य गेट को तोड़ने का प्रयास भी किया।
सूचना पर पीरुमदारा पुलिस चौकी इंचार्ज विपिन जोशी, महिला दरोगा सीमा आर्या मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराने का प्रयास किया। छात्रों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना प्रदर्शन जारी रखा। पुलिस और संभ्रांत नागरिकों के हस्तक्षेप के बाद निर्णय लिया गया कि सोमवार को स्कूल के शिक्षक और कमेटी के लोग मिलकर बच्चों की बात को सुनेंगे और मामले को निपटाने का प्रयास करेंगे।
जुलाई में भी स्कूल के एक शिक्षक और अभिभावक का विवाद हुआ था। इस मामले में स्कूल के सभी शिक्षकों ने मिलकर साथ दिया। उसी दिन से स्कूल की प्रिंसिपल उनसे नाराज थीं और उसके चलते उनको सस्पेंड कर दिया गया।
- मनप्रीत, निलंबित शिक्षक
शिक्षक मनप्रीत स्कूल में यूनियनबाजी कर रहे थे और स्कूल में बिना अनुमति के अपना बर्थ डे सेलीब्रेट कर रहे थे। इससे अन्य शिक्षकों में गलत भावनाएं पैदा हो रहीं थीं, इसके लिए उनको कई बार चेतावनी भी दी जा चुकी थी। वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे, इसलिए उनको 15 दिन के लिए निलंबित किया गया है।
- सिस्टर थेरेसा, प्रिंसिपल