पंजाब के एसएएस नगर मोहाली स्थित नया गांव निवासी अनिल सिंह को सेलाकुई थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम चंडीगढ़ मार्का 126 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी टैक्सी कार से शराब की 11 पेटियां लेकर पौड़ी गढ़वाल जा रहा था। बरामद शराब की कीमत करीब 1.32 लाख रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम को पुलिस टीम सारना के पास नियमित जांच कर रही थी। तभी सहसपुर की ओर से सफेद रंग की टैक्सी कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली तो उसकी डिग्गी में 11 पेटियां मिलीं। पेटियां खोलने पर अलग-अलग ब्रांड की चंडीगढ़ मार्का अंग्रेजी शराब की कुल 126 बोतलें बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह मोहाली पंजाब में रहता है और टैक्सी चलाता है। उसके अनुसार चंडीगढ़ से शराब पौड़ी गढ़वाल में होने वाले शादी समारोह के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस ने आरोपी को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने शराब के साथ टैक्सी कार भी कब्जे में ली है।