फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंगोत्री हाईवे पर खाई में गिरी सूमो, 3 मौत, 11 घायल

Mon, 01 Dec 2014 08:52 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश
विज्ञापन
विज्ञापन
उत्तराखंड में गंगोत्री हाईवे पर रविवार सुबह भद्रकाली के पास एक टाटा सूमो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। तीन गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि तीन घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिलाया गया।
विज्ञापन


वाहन में दो परिवारों के 10 लोग प्रतापनगर, टिहरी गढ़वाल में दो-तीन दिसंबर को होने वाले पारिवारिक विवाह समारोह के लिए जा रहे थे। इनमें दूल्हा और दुल्हन भी शामिल हैं। दुल्हन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दूल्हे को मामूली चोटें आई हैं। वाहन में तीन लोग प्रतापनगर क्षेत्र के ही दूसरे परिवारों के सवार थे। बताया जा रहा है कि नींद का झोंका आने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।

पुलिस के मुताबिक, रविवार को टाटा सूमो दिल्ली से प्रतापनगर जा रही थी। सुबह करीब 6.15 बजे गंगोत्री हाईवे पर भद्रकाली से कुछ दूर ओणी बैंड के समीप अचानक सूमो अनियंत्रित हो गई और लुढ़कते हुए करीब दो सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
विज्ञापन

पढ़‌िए, मृतकों और घायलों की पूरी सूची

सूचना पर मुनिकीरेती थाना पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और नरेंद्रनगर फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। करीब तीन घंटे बाद पुलिस ने शव और घायलों को खाई से बाहर निकाला।

इनकी हुई मौत
मुनिकीरेती थाना प्रभारी गणेश सामंत ने बताया कि हादसे में चालक गंभीर सिंह राणा (30) पुत्र कलम सिंह निवासी भेलूनता, प्रतापनगर, आशीष रावत (18) पुत्र भोपाल सिंह निवासी ओखला, प्रतापनगर और मुरारीदत्त उनियाल (36) पुत्र प्रेमदत्त निवासी परसूत, प्रतापनगर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए नरेंद्रनगर भेज दिए हैं।

घायलों की सूची
दीपा (36) पत्नी पूरण सिंह, मोनिका (16) और सोनिया (12) दोनों पुत्री पूरण सिंह, मोहित (14) पुत्र पूरण सिंह सभी निवासी खेत, माजफ प्रतापनगर, अनिल (29) पुत्र खेम सिंह, संगीता (29) पत्नी अनिल, अनन्या (छह माह) पुत्री अनिल, अनीता (27) पुत्री खेम सिंह चारों निवासी कोटगा, प्रतापनगर, टिहरी गढ़वाल घायल हो गए। इन्हें 108 सेवा से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से चिकित्सकों ने अनीता, मोहित और दीपा देवी को जौलीग्रांट रेफर कर दिया। पूरण सिंह (39) निवासी खेत, माजफ प्रतापनगर, आर्यन (04) पुत्र मुरारी दत्त निवासी परसूत, आनंद सिंह (30) पुत्र कमल सिंह कोलगढ़, टिहरी गढ़वाल को मामूली चोटें आई। जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
विज्ञापन

पिता को तलाशती रहीं मासूम आंखें

घायल चार साल के मासूम आर्यन के सिर से पिता का साया उठ गया। दुर्घटना में उसके पिता मुरारीदत्त उनियाल की मौत हो गई है। पुलिस ने जब हादसे के बाद आर्यन को खाई से बाहर निकाला तो मासूम की आंखें पिता को तलाशती रही।

अनहोनी की आशंका के बावजूद उसकी आंखों में पिता के वापस आने की उम्मीद थी, लेकिन उसे क्या मालूम था कि उसके पिता दोबारा नहीं लौटेंगे। बाद में घटनास्थल पर मायूस बैठे बच्चे को पुलिस मुनिकीरेती थाने ले गई, यहां शाम उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

चालक की लापरवाही बनी कारण
गंगोत्री हाईवे पर सूमो दुर्घटना में चालक की लापरवाही सबसे बड़ा कारण बताई जा रही है। घायलों के अनुसार हादसा चालक को नींद आने के कारण हुआ है। वाहन बीती रात करीब 11 बजे दिल्ली से ऋषिकेश के लिए रवाना हुआ था। जो सुबह करीब पांच बजे ऋषिकेश पहुंचा। चालक पूरी रात बिना सोए वाहन चलाता रहा।

ऋषिकेश पहुंचने के बाद भी उसने विश्राम नहीं किया या दूसरे ड्राइवर को वाहन नहीं सौंपा और खुद ही गाड़ी को लेकर प्रतापनगर के लिए चला गया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वाहन में बैठे अन्य लोग भी सो रहे थे। पहाड़ी रूप पर कुछ किमी चलते ही वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें