धर्मपुर स्थित गोवर्धन सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल सभागार में उत्तराखंड विद्या भारती अखिल शिक्ष?
विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की टॉप सूची में स्थान पाने वाले मेधावी 171 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया।
धर्मपुर के सुमन नगर स्थित गोवर्धन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे, विशिष्ट अतिथि विद्या भारती के वेस्ट यूपी क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू ने किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्या भारती की ओर से संचालित विद्यालयों में छात्रों का चरित्र निर्माण होता है, जो कि सभ्य समाज के लिए बहुत जरूरी है।
डोमेश्वर साहू ने कहा कि विद्या भारती 13068 विद्यालय संचालित कर रहा है। जिनमें 35 लाख विद्यार्थी और एक लाख 52 लाख आचार्य हैं। मलिन बस्तियों, एकल विद्यालयों की संख्या भी 11 हजार है। इन सभी का उद्देश्य अच्छी शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र प्रेम की भावना को बढ़ावा देना है।
इससे पहले विद्या भारती उत्तराखंड के मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ल ने बताया कि हाईस्कूल की वरीयता सूची में टॉप 219 में से 119 और इंटरमीडिएट के टॉप 100 में से 52 छात्र विद्या भारती के थे। सरस्वती विद्या मंदिर नथुवावाला की अनंता सकलानी ने हाईस्कूल में 99 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। कार्यक्रम में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के टॉप 25 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्या भारती के प्रांत संगठन मंत्री भुवन चंद्र, प्रदेश अध्यक्ष भारतीय शिक्षा समिति हीरामणि बलोदी, डॉ. विजय पाल, सत्य प्रकाश बंगवाल, नत्थीलाल बंगवाल आदि मौजूद थे।