मोकहमपुर फ्लाईओवर के समीप हुए सड़क हादसे में मृतक प्रियांशी। (फाइल फोटो)
देहरादून। मां के साथ मंदिर से लौट रही मासूम की ट्रक की टक्कर लगने से मौत हो गई। जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल है। कंट्रोल रूम से सूचना फ्लैश होने के बाद पुलिस ने चालक को ट्रक के साथ पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार डिफेंस कॉलोनी निवासी रीता खुल्बे (31) पत्नी बसंत खुल्बे निवासी गोरखपुर चौक, डिफेंस कॉलोनी पड़ोसी नीमा और अपनी दो बेटियों के साथ स्कूटी से रविवार को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण सिद्ध मंदिर दर्शन के लिए गई थीं। लौटते वक्त रीता की स्कूटी पर बड़ी बेटी प्रियांशी (7) बैठी थी। इसके अलावा नीमा के साथ छोटी बेटी शशि बैठी थी। जोगीवाला चौकी प्रभारी पंकज तिवारी के मुताबिक मोहकमपुर फ्लाईओवर क्रास करने के दौरान पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने रीता की स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से दोनों घायलों को समीप ही स्थित कैलाश अस्पताल में पहुंचाया। जहां प्रियांशी की मौत हो गई। वहीं रीता की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं हादसे के बाद भाग रहे ट्रक चालक ताजबर सिंह पुत्र भाग सिंह निवासी गांव मरोड़ा, घोलतीर जिला रुद्रप्रयाग को ट्रक समेत पुलिस ने कुछ दूरी पर पकड़ लिया। ताजबर ने बताया कि ट्रक का मालिक बेअंत सिंह निवासी बारिकलां, जिला लुधियाना, पंजाब है। यह ट्रक लंगर सेवा में चलता है। प्रियांशी के पिता बसंत खुल्बे की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बसंत खुल्बे प्रॉपर्टी डीलर हैं और प्रियांशी माडर्न पब्लिक स्कूल में कक्षा दो की छात्रा थी।