पिछले साल लॉकडाउन से पूर्व अपनी फिल्म हसीन दिलरुबा की शूटिंग के लिए हरिद्वार आईं अभिनेत्री तापसी पन्नू ने वादा किया था कि वह दोबारा उत्तराखंड आएंगी। यहां की खूबसूरती और कल्चर से प्रभावित तापसी अपना वादा पूरा करने के लिए 16 जुलाई को उत्तराखंड पहुंच रही हैं। 18 से वह नैनीताल में शूटिंग शुरू करेंगी। इससे कोरोना के बाद फिर से उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग का सिलसिला शुरू होगा।
अपने अभिनय के लिए बॉलीवुड की सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्रियों में गिनी जाने वाली तापसी पन्नू अपनी एक और फिल्म की शूटिंग उत्तराखंड में करेेंगी। उत्तराखंड में शूटिंग का काम देख रहे इंस्प्रेशन ग्रुप के मयंक तिवारी ने बताया कि 16 जुलाई को अभिनेत्री नैनीताल पहुंच जाएंगी और 18 जुलाई से नैनीताल, भवाली, रामगढ़ और सातताल में शूटिंग करेंगी। शूटिंग 40 दिनों तक चलेगी। उन्होंने बताया कि यह राज्य में शूट होने वाली इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है। फिल्म के निर्देशक अजय बहल हैं। जो कि सेक्शन-375 जैसी फिल्म को डायरेक्ट कर चुके हैं। बताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड में और भी कई बड़ी फिल्मों की शूटिंग शुरू होगी।
80 दिन की शूटिंग के दौरान उत्तराखंड की हुई थीं कायल
हसीन दिलरुबा की शूटिंग के दौरान अभिनेत्री तापसी पन्नू उत्तराखंड की खूबसूरती की कायल हो गई थीं। उन्होंने यहां की सुंदरता और कल्चर की तारीफ करते हुए दोबारा उत्तराखंड आने की बात कही थी। उनका कहना था कि वह दोबारा उत्तराखंड आने के मौके की तलाश में रहेंगी। फिल्म की अधिकांश शूटिंग हरिद्वार में हुई थी। जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। फिल्म रिलीज होने पर अपने शहर को बड़े पर्दे पर देखने के लिए लोगों में खूब उत्साह भी रहा।