विश्व विजेता अंडर-19 टीम के तेज गेंदबाज कमलेश नगरकोटी की गिनती देश के सबसे तेज गेंदबाजों में होती है। हालांकि चोट के कारण कमलेश काफी समय से मैदान से बाहर रहे हैं। आईपीएल में केकेआर के लिए खेलने वाले कमलेश शानदार फील्डर भी हैं।
विकेटकीपर बल्लेबाज आर्यन जुयाल पिछले साल यूपी की टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे थे। इस वर्ष भी वो कैंप तक पहुंचे हैं। कैंप के बाद टीम की घोषणा की जाएगी। आर्यन विश्व कप खेलने वाली भारतीय अंडर-19 टीम का भी हिस्सा रहे हैं।
हिमाचल के लिए खेलने वाले प्रियांशु खंडूड़ी के कुछ दिन पूर्व चोटिल होने की सूचना है। माना जा रहा है कि उन्हें कुछ समय मैदान से बाहर रहना पड़ सकता है। प्रियांशु ने अपने प्रदर्शन से बेहद कम समय में हिमाचल प्रदेश की टीम में महत्वपूर्ण जगह बनाई है।
विस्फोटक बल्लेबाजों में शामिल अभय नेगी ने पिछले सत्र में मेघालय की ओर से खेलते हुए मिजोरम के खिलाफ महज 14 गेंदों में अर्द्धशतक जमाया था। उन्होंने रॉबिन उथप्पा का सबसे तेज अर्द्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में केएल राहुल की बराबरी की।
इसके अलावा शाश्वत रावत भी प्रमुख क्रिकेटरों में शामिल हैं। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज से क्रिकेट का ककहरा सीखने वाले शाश्वत पिछले सत्र में बड़ौदा की टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे थे। 2019 में अपने शानदार प्रर्दशन के दम पर उन्होंने भारतीय अंडर-19 टीम में भी जगह बनाई थी।
पिछले सत्र में उत्तराखंड की कप्तानी करने वाले उन्मुक्त चंद अपनी कप्तानी में भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जितवा चुके हैं। उत्तराखंड के साथ उनका पिछला सत्र बहुत अच्छा नहीं रहा लेकिन वो प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाजों में गिने जाते हैं।
बेटियां भी पीछे नहीं
क्रिकेट के मैदान में उत्तराखंड की बेटियां भी पीछे नहीं हैं। एकता बिष्ट और मानसी जोशी भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाने में कामयाब रही हैं। इसके अलावा स्नेहा राणा ने भी भारतीय टीम मं जगह बनाई है। स्नेहा हरियाणा और पंजाब की टीम भी हिस्सा रह चुकी है।
हमारे खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जब तक राज्य को मान्यता नहीं थी तब तक हमारे प्रतिभावान खिलाड़ियों को भी दूसरे राज्यों का रुख करना पड़ा है। हमारे खिलाड़ी अलग-अलग टीमों में भी अपनी काबिलियत दिखा रहे हैं। आने वाले वक्त में भारतीय टीम में भी उत्तराखंड का दबदबा होगा।
महिम वर्मा, सचिव, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड