अखाड़ा परिषद की बैठक के दौरान कुंभ के कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई। संतों ने सरकार से बिजली, पानी, चिकित्सा, पार्किंग आदि को लेकर बेहतर व्यवस्था बनाने को कहा। बताया गया कि सरकार से अगले साल जनवरी तक कुंभ से जुड़े कार्य पूरे कर लेने के लिए गहा गया है। इसमें हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण भी शामिल है।
बद्रीनाथ दशनामी छड़ी यात्रा निशुल्क हो
अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरिगिरि महाराज ने बद्रीनाथ दशनामी छड़ी यात्रा निशुल्क कराए जाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि यह यात्रा इस बार हरिद्वार से शुरू होगी। कल 12 अक्तूबर को मुख्यमंत्री इसका शुभारंभ कराएंगे। उन्होंने कुंभ मेला भूमि के विस्तार के प्रयास जल्द से जल्द कराए जाने की भी बात रखी।
बैरागी कैंप से अतिक्रमण हटाने की मांग
अखाड़ा परिषद की बैठक में श्रीमहंत धर्मदास महाराज, श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने बैरागी कैंप क्षेत्र से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाए जाने की मांग की। साथ ही बिजली, पानी, पथ प्रकाश की सुविधा जल्द से जल्द सुचारू किए जाने की बात कही, ताकि यहां शिविर लगाने की तैयारी की जा सके।
श्रीमहंत नरेंद्र गिरि और हरि गिरि को फिर से अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और महामंत्री का कार्यभार मिलने पर संतों ने शुभकामनाएं दी हैं। इनमें श्री दक्षिण काली पीठाधीश्वर स्वामी कैलाशानंद ब्रह्मचारी, जयराम पीठाधीश्वर स्वामी ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज, आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि, कालिका पीठाधीश्वर महंत सुरेंद्र नाथ, अवधूत श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज, कोठारी महंत जसविंदर सिंह महाराज स्वामी चिदविलासानंद, स्वामी जगदीशानंद गिरी, महंत रूपेंद्र प्रकाश, महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद, स्वामी ऋषिश्वरानंद, स्वामी कपिल मुनि, जय मां मिशन के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी महादेव महाराज, महंत लखन गिरि, महंत डोगर गिरि, महंत रामलखन गिरि, स्वामी आशुतोष पुरी, महंत गंगादास उदासीन, महामंडलेश्वर स्वामी सुरेश मुनि, मुखिया महंत भगतराम, महंत जगतार मुनि, महंत साधनानंद, महंत ललितानंद गिरि, श्रीमहंत आशीष गिरि, महंत सतनाम सिंह, महंत जयेंद्र मुनि, महंत दामोदरशरण दास आदि शामिल थे।