ग्रामीणों के बाद अब स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर भी संदिग्ध बुखार की चपेट में आ गए हैं। वहीं, सफाई नायक को भी बुखार की शिकायत पर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सीएचसी के डेंटल सर्जन और सफाई नायक के बुखार की चपेट में आने से क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। क्षेत्र में संदिग्ध बुखार से पीड़ित लोगों का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है।
भगवानपुर क्षेत्र के छापुर, सिरचंदी और सिकंदरपुर में बुखार का कहर अभी कम नहीं हुआ था कि सीएचसी के डेंटल सर्जन डॉ. दीपिका को भी बुखार ने अपनी चपेट में ले लिया है। बुखार की शिकायत होने पर उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं, सफाई नायक अंकुर कुमार को भी बुखार की शिकायत पर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। यहां उपचार के बाद उन्हें कुछ दिन के आराम के लिए घर भेज दिया गया है।
वहीं, ग्राम छापुर निवासी अक्षय कुमार भी कई दिनों से बुखार से पीड़ित है। शुक्रवार को अक्षय को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। छापुर गांव में बुखार के रोजाना नए मामले सामने आने से ग्रामीणों में दहशत है। बता दें कि छापुर में अब तक संदिग्ध बुखार से एक दर्जन से भी अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जबकि कई का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है। सीएचसी प्रभारी डॉ. विक्रांत सिरोह ने बताया कि बुखार के मरीजों को उपचार दिया जा रहा है। गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार नजर रख रही है।