विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री एवं बजरंग दल के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र जैन ने कहा कि भारत फिर से भगवायुग में प्रवेश कर रहा है। इससे देश विरोधियों के हौसले पस्त हो रहे हैं। अयोध्या में मोदी-योगी के संवाद (कम्यूनिकेशन) से श्रीराम का भव्य मंदिर बनेगा।
मंगलवार को नगर निगम सभागार में विश्व हिंदू परिषद की ओर से आयोजित हिंदू नववर्ष कार्यक्रम में सुरेंद्र जैन बतौर मुख्य वक्ता पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से देश में भगवा का अपमान और देश विरोधियों का सम्मान हुआ है। इससे देश के अंदर आतंकवाद का माहौल बनता गया, लेकिन अब देश का माहौल बदल चुका है।
जो लोग श्रीराम का विरोध कर रहे हैं वह वही लोग हैं, जिन्होंने अफजल गुरू, याकूब और कश्मीर और दिल्ली में बैठकर देश को बर्बाद करने वालों का साथ दिया, लेकिन अब देश की जनता ने उन्हें बता दिया है कि जो लोग देशभक्तों का विरोध करेंगे, उनकी राजनीति ही नहीं, रोजी-रोटी भी समाप्त कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा मंदिर के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शरद कोठारी, राम कोठोरी एवं अन्य को मुक्ति नहीं मिल सकती जब तक अयोध्या में मंदिर का निर्माण नहीं हो जाता। जैन ने कहा कि बाबरी ढांचा राष्ट्रीय शर्म का प्रतीक था, लेकिन राम मंदिर गौरव का प्रतीक बनेगा। ऐसे में मुस्लिम भाइयों को भी इसके निर्माण में अपना पूर्ण सहयोग दें।
इस मौके पर आरएसएस के विभाग संघचालक रामेश्वर प्रसाद, विहिप के संगठन मंत्री संजय कुमार, नगर प्रचारक सौरभ, स्वामी सागर सिंधु महाराज, सुबोध गुप्ता, पंडित रमेश सेमवाल, शिव प्रसाद त्यागी, एडवोकेट दीपक भारद्वाज, सूर्यकांत सैनी, राहुल, चतरसेन, मुनेंद्र शर्मा, प्रशांत, मान सिंह आदि मौजूद रहे।