कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने लंढौरा प्रकरण को लेकर बुलाई गई महापंचायत को स्थगित कर दिया। चैंपियन ने कहा कि जल्द ही महापंचायत आयोजन की नई तारीख घोषित कर दी जाएगी। वहीं महापंचायत में शिरकत करने जा रही साध्वी प्राची को पुलिस ने हरिद्वार में गिरफ्तार कर लिया है। वह हरिद्वार से लंढौरा जाने का प्रयास कर रही थी।
यूपी और उत्तराखंड की सीमा पूरी तरह से सील कर दी गई है। पुरकाजी बॉर्डर और खानपुर बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। चैंपियन गुरुवार को सुबह करीब 11 बजे हरिद्वार जिले के शेरपुर खादर गांव पहुंचे। जहां समर्थकों के बीच पहुंचकर चैंपियन ने महापंचायत स्थगित करने की बात कही।
वहीं मामले की संवेदनशीलता देखते हुए उत्तर प्रदेश की पुलिस फोर्स ने शेरपुर सादर गांव में महापंचायत कराने से मना कर दिया है। माना जा रहा है कि इसी को देखते हुए कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने महापंचायत को स्थगित कर दिया है। उत्तराखंड पुलिस के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। चैंपियन के पहुंचने से पहले पुलिस द्वारा लोगों को समझाने का प्रयास भी किया गया।
आज गुरुवार को दोपहर 12 बजे से इसी गांव में महापंचायत होनी थी। मौके पर करीब छह हजार से ज्यादा लोग पहुंच चुके थे।
महापंचायत पर जिला प्रशासन से लेकर दून तक की नजर
pranav singh Champion, supporters, repulsed by haridwar police, maha panchayat
- फोटो : amar ujala
महापंचायत की तैयारियों पर जिला प्रशासन से लेकर देहरादून तक से नजर लगी रही। उत्तराखंड सरकार में बैठे मंत्रियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारी, अधिकारियों से संभावित हालात की अपडेट लेते रहे।
क्षेत्र में धारा 144 पहले से ही प्रभावी कर दी गई है लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आईजी संजय गुंज्याल ने चेतावनी दी कि अगर कानून व्यवस्था बिगड़ी तो इसके जिम्मेदार लोगों पर रासुका लगाई जाएगी।
लंढौरा प्रकरण शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। एक मई को यहां धर्मग्रंथ के अपमान की चर्चा फैलने पर हुए उन्माद के बाद तनाव अभी भी बरकरार है। आईजी संजय गुंज्याल ने हरिद्वार में बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर महापंचायत को लेकर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि किसी को भी माहौल नहीं बिगाड़ने दिया जाएगा। यदि कानून व्यवस्था बिगड़ी तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर रासुका लगाई जाएगी।