रविवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। राजधानी में तापमान 38 डिग्री को छू गया। सोमवार को तापमान 38 डिग्री से पार पहुंच सकता है। फिलहाल, 30 अप्रैल से पहले गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
राजधानी में रविवार को सुबह से ही तेज धूप खिल रही। सुबह का तापमान करीब 22 डिग्री था जो कि 12 बजे तक 32 डिग्री पार हो गया। दोपहर दो बजे तक तापमान अपने चरम पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने दिन का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री रिकॉर्ड किया जो कि इस सीजन का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को तापमान 38 डिग्री से भी ऊपर जा सकता है।
उत्तराखंड: दो साल बाद अप्रैल में हुई सबसे अधिक गर्मी, मंगलवार से बारिश और ओलावृष्टि देगी राहत
तेज धूप की वजह से छुट्टी होने के बावजूद लोग घरों से बाहर नहीं निकले। शाम को सूरज ढलने के बाद लोगों ने बाजारों का रुख किया। सड़कों पर दिन में सन्नाटे पसरा रहा। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह का कहना है कि सोमवार को भी मौसम खुला रहेगा। कहीं भी बारिश या ओलावृष्टि या आंधी की संभावना नहीं है। हालांकि 30 अप्रैल से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।