श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय और इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) के बीच एमओयू साइन किया गया। इसके तहत छात्रों को शैक्षणिक परामर्श, अध्ययन सामग्री, प्रवेश और परीक्षा संबंधी सहायता समेत विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। इसके लिए विवि परिसर में इग्नू लर्नर सपोर्ट सेंटर (एलएससी) की स्थापना की गई है।
शुक्रवार को एमओयू पर विवि के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर और इग्नू के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार डिमरी ने हस्ताक्षर किए। डॉ. लोकेश गंभीर ने बताया कि इस केंद्र का उद्देश्य छात्रों, कामकाजी पेशेवरों व दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षार्थियों को दूरस्थ और ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से सुलभ, लचीली और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। कहा कि केंद्र के जरिए उन छात्रों को विशेष लाभ होगा जो नियमित शिक्षा प्राप्त करने में असमर्थ हैं या नौकरी के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं। साथ ही यह केंद्र आजीवन शिक्षा व समावेशी शिक्षा की अवधारणा को भी मजबूत करेगा। विवि के कुलपति प्रो. डॉ. के प्रतापन ने कहा कि इग्नू के साथ यह साझेदारी शैक्षणिक पहुंच को व्यापक बनाएगी और छात्रों, कार्यरत पेशेवरों व दूरस्थ क्षेत्रों के शिक्षार्थियों के लिए नए अवसर सृजित करेगी। इस मौके पर इग्नू के उपनिदेशक डॉ. राजीव, प्रो. डॉ. सोनिया गंभीर, डॉ. श्रेया कोटनाला, प्रो. डॉ. मनीषा सिंह आदि मौजूद रहे।