अटल उत्कृष्ट जौनसार बाबर राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में मेजबान विद्यालय की छात्राओं का दबदबा रहा। प्रतियोगिता में ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
पांच और छह सितंबर को आयोजित प्रतियोगिता के बालक वर्ग के अंडर-19 में राजकीय इंटर कॉलेज पजिटीलानी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज नागथात की टीम दूसरे स्थान पर रही। अंडर-17 बालक वर्ग में राजकीय इंटर कॉलेज साहिया ने पहला और राजकीय इंटर कॉलेज कोटी ने दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में छह टीमों ने प्रतिभाग किया। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज साहिया की टीम प्रथम और इसी विद्यालय की दूसरी टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी कालसी भुवनेश्वर प्रसाद जदली ने विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि व कालसी की कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख प्रियंका तोमर और विशिष्ट अतिथि भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अमर सिंह चौहान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक समन्वयक रवि रावत, प्रवीण सिंह चौहान, राजेश तोमर, प्रधानाचार्य राघवेंद्र वर्मा, रूपेश कुमार नाथ, संजय थपलियाल, हरीश गैरोला, दिनेश कुमार, चंद्र मोहन बहुखंडी, रमेश सिंह राणा सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक मौजूद रहे।