'मैनें पैसे नहीं दिए तो वो मेरे मम्मी पापा को मार देंगे', ऐसा ही कुछ कहकर एक बच्चा रोता रहा। मामला खुला तो अपराधियों के बारे में जानकर पुलिस के भी होश उड़ गए।
दरअसल, रंगदारी वसूलने वाले ये अपराधी कोई हाईप्रोफाइल क्रिमीनल नहीं, बल्कि 12 से 16 साल तक के पांच किशोर हैं। शहर में नाबालिग बच्चों को डरा-धमका कर रंगदारी वसूलने का दो माह में दूसरा मामला उजागर हुआ है।
ये लोग अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए स्कूली बच्चे को धमकाकर पैसे वसूलते थे। जब बच्चे ने अपने मां बाप को ये बात बताई तो उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। तब बच्चा बस यही कहता रहा। 'मैंने इसलिए पैसे दिए, क्योंकि उन्होंने कहा कि वे मेरे मम्मी पापा को मार देंगे।'
पुलिस के अनुसार अल्मोड़ा जनपद निवासी एक छात्र यहां हथरंगिया में अपने रिश्तेदार के यहां रहता है। विद्या मंदिर में सावतीं कक्षा में पढ़ने वाले इस किशोर से आरोपी किशोर दो वर्षों से डरा धमकाकर रंगदारी वसूलते रहे।
पीड़ित डर के मारे रोज-रोज घर से रुपये ले जाकर आरोपियों को देता था। परिजनों को जब शक हुआ, तो उन्होंने बच्चे से सख्ती से पूछताछ की। इस पर बच्चे ने जो खुलासा किया उसे सुनकर परिजन सकते में आ गए। परिजनों ने बृहस्पतिवार को लोहाघाट थाने आकर पुलिस को मामले की जानकारी दी।