आईपीएस राजावाला में छात्रावास का उद्घाटन करतीं राज्यपाल एवं राज्यसभा सदस्य आरके सिन्हा।
- फोटो : VIKAS NAGAR
द इंडियन पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक छटा देखने को मिली। छात्रों ने पंजाबी, गुजराती, हिमाचली, हरियाणवी, बंगाली, महाराष्ट्र, गढ़वाली, उड़िया गीतों पर लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और राज्यसभा सांसद(विद्यालय अध्यक्ष) रविंद्र किशोर सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने स्कूल परिसर में लगी महारानी लक्ष्मीबाई की विशाल प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही छात्रावास का भी उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने स्कूल परिसर में आद्या ऑर्गेनिक एवं मिल्क प्रोडक्ट के कामधेनु गोसदन का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन सीखने का समय है। ऐसे में छात्रों को इस जीवन में अधिक से अधिक सीखना चाहिए। कहा कि पढ़ाई के साथ ही छात्रों को खेलकूद में भी फोकस करना चाहिए। खेलकूद तनाव को दूर करने का काम करता है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के दौरान छात्रों ने कहानीकार फणीश्वर नाथ रेणु की कहानी पंचलाइट का भी मंचन किया। इस अवसर पर वाइस चेयरमैन रीता किशोर सिन्हा, निदेशक एके सिंह, प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिन्हा, एस के गुप्ता, हरदीप सिकंद, प्रो डॉ. गौतम सिन्हा, प्रो. डॉ. जेके दास, प्रो. डॉ. सतेंद्र किशोर, प्रो. एन आर लाल, रेणु मट्टू, अशोक प्रसाद आदि मौजूद रहे।
खेलकूद में दिखाया दमखम
विकासनगर। सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के 19वें स्थापना दिवस पर खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें नाच-गाने की धूम रही। छात्रों ने लोक संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी। सुबह के समय छात्रों ने खेलकूद प्रतियोगिता में भी बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया। शाम को स्कूल परिसर में बने मुक्ताकाश प्रेक्षागृह में एक और द्रोणाचार्य हिंदी नाटक का मंचन किया गया। जिसका शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि अध्यक्ष ओम पाठक और प्रधानाध्यापक शरफुद्दीन ने संयुक्त रूप से किया। प्रधानाध्यापक ने स्कूल की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। वर्ष भर आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।