एसजीआरआर में बिके 18 नामांकनपत्र
एसजीआरआर पीजी कॉलेज में मंगलवार को 18 नामांकनपत्रों की बिक्री हुई। कॉलेज के प्राचार्य मेजर प्रदीप सिंह और मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. संदीप नेगी ने बताया, आज से महाविद्यालय में नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। 24 सितंबर को नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद पत्रों का सत्यापन कर देर शाम को प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। 25 सितंबर को छात्र प्रतिनिधि आमसभा आयोजित की जाएगी। जबकि 27 सितंबर को चुनाव कराने के साथ विजेताओं की घोषणा की जाएगी। ऐसा ही चुनावी कार्यक्रम एमकेपी पीजी कॉलेज की अेार से भी जारी किया गया है। कॉलेज की प्राचार्य डॉ. सरिता कुमार और मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. संगीता खुल्लर ने कहा, चुनाव की तैयारियां तीन दिन में पूरी कर ली जाएंगी। इसके लिए छात्राओं से भी सहयोग की बात की गई है।
सात साल बाद होगा लिंगदोह कमेटी का पालन
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद साल 2007 से देश के सभी विश्वविद्यालय में लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के आधार पर ही छात्रसंघ चुनाव कराने की बात कही गई थी लेकिन इस कमेटी का पालन उत्तराखंड के महाविद्यालयों में सिर्फ साल 2018 तक किया गया। इसके बाद उच्च शिक्षा मंत्री की ओर से ही छात्रसंघ चुनाव की तिथियां घोषित की गईं लेकिन कोरोनाकाल के बाद यह व्यवस्था भी चरमरा गई। नतीजतन बीते साल प्रदेश के महाविद्यालयों में चुनाव नहीं हो सके। ऐसे में इस साल निदेशालय और विवि की ओर से छात्रसंघ चुनाव का जिम्मा महाविद्यालयों को दिया गया है। जबकि महाविद्यालयों की ओर से जारी चुनावी कार्यक्रम में साफ किया गया है कि लिंगदोह समिति की संस्तुतियों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
तैयारियों के लिए तीन दिन, चुनौतियां अपार
अशासकीय महाविद्यालयों के लिए तीन दिनों के भीतर चुनावी तैयारियों को पूरा करने में चुनौतियां अपार हैं। उधर शहर में बिजली कटौती भी चुनाव प्रक्रिया में बाधा बन सकती है। उधर राज्य विवि से संबद्ध महाविद्यालयों में भी 27 सितंबर को चुनाव होने हैं। ऐसे में इन महाविद्यालयों को चुनाव प्रक्रिया पूरी करने में सप्ताह भर से अधिक का समय मिला है।