पुनर्मतगणना की मांग के लिए हुआ हंगामा
छात्रसंघ चुनाव में कुछ छात्र नेताओं ने धांधली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सचिव पद का चुनाव हारे सूरज नेगी ने पुनर्मतगणना की मांग की। चुनाव कमेटी ने कहा कि इस समय पुनर्मतगणना नहीं होगी। इस संबंध में शुक्रवार को बात की जाएगी।
दरअसल सचिव पद पर सूरज नेगी के विजयी होने की सूचना किसी ने मोबाइल फोन के माध्यम से दे दी। इसके बाद सूरज के समर्थक खुशी जताने लगे लेकिन अंतिम दौर में आर्यन के सम्राट राणा आगे निकल गए। सम्राट की विजयी होने की घोषणा के बाद सूरज अपने समर्थकों के साथ मतगणना स्थल पहुंच गए। उन्होंने कहा कि मतगणना में धांधली हुई है। लिहाजा दोबारा मतगणना की जाए। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक शेखर सुयाल भी हॉल में पहुंच गए। सूरज ने मुख्य चुनाव अधिकारी से पुनर्मतगणना की मांग की। अंत में यह तय हुआ कि एजेंट इस संबंध में लिखित रूप से शिकायत दर्ज कराएं इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।