छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग के लिए डाकपत्थर स्थित वीर शहीद केसरीचंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संगठनों का विरोध जारी रहा। शनिवार की सुबह छह बजे महाविद्यालय के गेट पर तालाबंदी कर छात्र नेता क्रमिक अनशन पर बैठ गए। ताला खुलवाने के लिए महाविद्यालय प्रशासन और छात्र नेताओं के बीच काफी देर तक नोकझोंक भी हुई। दोपहर करीब 12 बजे छात्र नेताओं ने 10 शिक्षकों को विभागीय कार्य के लिए महाविद्यालय के भीतर जाने दिया। हालांकि, महाविद्यालय में कक्षाएं संचालित नहीं हो पाईं। शाम करीब छह बजे तक छात्र नेता धरना स्थल पर डटे रहे।
शनिवार को सुबह छह बजे आर्यन ग्रुप और एबीवीपी छात्र संगठन के नेता डाकपत्थर महाविद्यालय में पहुंच गए। दोनों संगठन के कार्यकर्ताओं ने पार्किंग परिसर के बाद महाविद्यालय के गेट पर ताला लगा दिया। शासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कुछ देर बार शिक्षक विद्यालय आने लगे। दरवाजा बंद देख कॉलेज प्रशासन नाराज हो गया। विरोध के बीच दोनों पक्षों में नोकझोंक भी हुई। प्राचार्य डॉ. डीएस नेगी की सूचना पर डाकपत्थर चौकी प्रभारी विवेक भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्राचार्य ने छात्र नेताओं को बताया कि शिक्षकों को नैक संबंधी कार्य करने हैं, जो बहुत जरूरी है। प्राचार्य और चौकी प्रभारी ने छात्र नेताओं को काफी देर तक मनाया। इसके बाद छात्र नेताओं ने कक्षाएं संचालित न होने की शर्त पर 10 शिक्षकों को दोपहर 12 बजे महाविद्यालय परिसर के भीतर प्रवेश करने दिया। करीब 15 छात्र शाम छह बजे तक महाविद्यालय के गेट के बाहर धरने पर बैठे रहे। छात्र नेताओं ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होती तालाबंदी और अनशन जारी रहेगा। कहा कि रविवार को आगे की रणनीति तय की जाएगी। वहीं, सोमवार को महाविद्यालय में परीक्षा है। ऐसे में अब छात्र नेताओं का विरोध महाविद्यालय प्रशासन की गले की फांस बन गया है।
इस दौरान आर्यन ग्रुप से राज आर्यन, अरुण भार्गव, शिवानी, अनिकेत, पल्लवी, हसन, रोहित पासवान, समीर, मुस्कान, दीपिका, शीतल, गायत्री, मोहम्मद कैश, अरशद, लक्ष्मी, एबीवीपी से राहुल विद्वान, रजत, प्रवीण, अमन, करिश्मा, पलक, ऐनम, तुषार कपूर, विक्की ठाकुर, रिकेश, मनीष चौहान आदि उपस्थित रहे।