काशीपुर में इयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक के किनारे गुजर रहे छात्र की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। वह मार्निंग वॉक के बाद घर लौट रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मार्निंग वॉक कर घर लौट रहा था नितिन
काशीपुर की शिवनगर कॉलोनी निवासी नितिन महाजन (17) पुत्र सत्यप्रकाश शनिवार की सुबह साढ़े सात बजे चीमा पैलेस के पीछे रेलवे ट्रैक से गुजर रहा था।
तभी वह रामनगर से मुरादाबाद जा रही ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक उदयराज हिंदू इंटर कालेज में 12वीं कक्षा का छात्र था। तीन भाइयों में वह मझला था।
पुलिस के मुताबिक मृतक नितिन स्पोर्ट्स स्टेडियम तक मार्निंग वॉक कर घर लौट रहा था। वह इयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक के किनारे चल रहा था। आशंका है कि इयरफोन के चलते वह ट्रेन का हॉर्न नहीं सुन सका होगा।
मोटर साइकिल और सड़क पर पैदल चलते कृपया एयरफोन लगाकर न चलें। अभिभावकों को भी अपने बच्चों को इस बारे में सावधान करना चाहिए। क्योंकि इससे आपको आवाज न आने से आसन्न खतरे का पता नहीं लग पाएगा और अंजाम वहीं होगा जो कि 12वीं के छात्र नितिन महाजन का हुआ है।