शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन क्रमिक सत्याग्रह करने गांधी पार्क के बाहर पहुंचे बेरोजगार युवाओं को जिला प्रशासन ने रोक दिया और पार्क के बारह के क्षेत्र को प्रदर्शन के लिए प्रतिबंधित घोषित कर दिया। निगम की ओर से यहां प्रतिबंध का बोर्ड भी लगा दिया गया। ऐसे में बेरोजगार युवाओं ने गांधी पार्क के अंदर बैठकर सत्याग्रह किया।
प्रवक्ता सुरेश सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उत्तराखंड बेरोजगार संघ की ओर से गांधी पार्क में गांधीवादी तरीके से सत्याग्रह शुरू करना चाहा, लेकिन शासन और प्रशासन की ओर से वहां पर सत्याग्रह करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। गांधी पार्क के बाहर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात कर गेट के दोनों छोर पर धरना-प्रदर्शन प्रतिबंधित क्षेत्र लिखे बैनर लगा दिए गए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बेरोजगार संघ को सत्याग्रह करने से रोका गया। इसके बाद संघ ने गांधी पार्क के अंदर बैठक की। इसमें बेरोजगारों ने आरोप लगाते हुए कहा कि शासन प्रशासन द्वारा धरना प्रदर्शनों को लेकर दोहरी नीति अपनाई जा रही है। संगठन के अध्यक्ष बॉबी पंवार ने आरोप लगाया कि तानाशाही रवैये को अपनाकर बेरोजगारों की आवाज को नहीं दबाया जा सकता। कहा कि जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।
-
एकता विहार में चलेगा आंदाेलन
बॉबी पंवार ने कहा कि धरने के लिए उचित स्थान नहीं मिलने तक तीन मार्च से एकता विहार में आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान बेरोजगार संघ से सुशील कैंतुरा, सचिन खन्ना, अनिल नेगी, मुकेश, अनिल, रमेश चौहान, हरिओम भट्ट, नितिन दत्त, मोहन कैंतुरा, लुशुन टोडरिया, संदीप चौहान, कृष्णा प्रसाद मौजूद रहे।