सात साल की लाडली के साथ दरिंदगी और हत्या में संदिग्ध डंपर चालक को एसटीएफ ने देर रात लुधियाना (पंजाब) से गिरफ्तार कर लिया। मोबाइल सर्विलांस और हुलिए के आधार पर एसटीएफ उस तक पहुंची। पूछताछ में उसने गुनाह कबूला है।
उसने दो अन्य युवकों के वारदात में शामिल होने की बात कही। उससे ज्यादा पूछताछ और डीएनए जांच के बाद सारी घटना सामने आ पाएगी। एसटीएफ की टीम एसएसपी एसटीएफ डॉ. सदानंद दाते के नेतृत्व में हरियाणा और पंजाब में इस संदिग्ध की तलाश कर रही थी।
बिहार का रहने वाला
आरोपी बिहार का रहने वाला है और अपना नाम अली अख्तर उर्फ शमीम उर्फ राज उर्फ उस्ताद पुत्र मकसूद आलम बता रहा है। इधर हल्द्वानी में पुलिस ने शीशमहल निवासी डंपर मालिक, ट्रक मालिक और तीन अन्य युवकों को हिरासत में लिया है।
पंजाब से दबोचा
गुड़गांव के आसपास संदिग्ध चालक के मोबाइल की लोकेशन मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस टीम उसी दिन दिल्ली होते हुए गुड़गांव पहुंची। वहां तलाश के दौरान फिर उसके मोबाइल की लोकेशन पंजाब में मिली।
उसे खोजते-खोजते टीम लुधियाना तक पहुंची और देर रात उसे दबोच लिया। उसे लेकर टीम हल्द्वानी को रवाना हो गई है।