देहरादून। उत्तराखंड की अंडर-19 क्रिकेट टीम के लिए दो दिवसीय ट्रायल के बाद गढ़वाल मंडल से 62 क्रिकेटरों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। अब 12 सितंबर से दून में राज्य स्तरीय ट्रायल होंगे।
रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मंगलवार को गढ़वाल जोन के दूसरे व अंतिम चरण के ट्रायल हुए। सोमवार को पहले चरण के ट्रायल में गढ़वाल मंडल के सात जिलों से कुल 173 क्रिकेटरों ने हिस्सा लिया था। इसके बाद 80 को शॉर्टलिस्ट किया गया था। पहले चरण के ट्रायल में रुद्रप्रयाग से 10, टिहरी से 21, उत्तरकाशी से 15, देहरादून से 64, चमोली से 12, हरिद्वार से 37 और पौड़ी से 14 क्रिकेटर शामिल हुए।
चयनकर्ता जावेद अनवर और कपिल पांडे ने मंगलवार को राज्य स्तरीय ट्रायल के लिए चुने गए क्रिकेटरों की घोषणा की। संयोजक धीरज खरे ने बताया कि 12 सिंतबर से तनुष क्रिकेट एकेडमी में राज्य स्तरीय ट्रायल होंगे। इसके आधार पर अभ्यास शिविर के लिए 40 क्रिकेटरों का चयन किया जाएगा। प्रक्रिया में संजय रावत, अवनीष वर्मा आदि ने सहयोग दिया।
सीनियर टीम का शिविर शुरू
विजय हजारे ट्रॉफी के लिए उत्तराखंड के संभावित 40 क्रिकेटरों का अभ्यास शिविर मंगलवार को अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी में शुरू हो गया। 23 सितंबर तक चलने वाले शिविर के दौरान ही टीम की घोषणा की जाएगी। प्रतियोगिता के मुकाबले 24 सितंबर से दून के अभिमन्यु क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और कसिगा स्कूल स्टेडियम में खेले जाएंगे।