उत्तराखंड में मजबूत भू-कानून को लेकर बैठक करते राज्य आंदोलनकारी और अन्य। संवाद
- फोटो : MUSSOORIE
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी प्रदेश में मजबूत भू-कानून लागू करने की मांग को लेकर श्रीदेव सुमन बलिदान दिवस पर 25 जुलाई को शहीद स्थल पर धरना देंगे। साथ ही एमडीडीए के उत्पीड़न के खिलाफ भी आवाज उठाएंगे।
राज्य आंदोलनकारियों की बुधवार को पूर्व सभासद और राज्य आंदोलनकारी देवी गोदियाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें कई मुद्दों पर चर्चा की गई। आंदोलनकारियों ने कहा कि पिछले 21 सालों में शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का राज्य बनाने में सभी राजनीतिक दल नाकाम रहे हैं। बैठक में छह प्रस्ताव भी पारित किए गए। साथ ही मसूरी में उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी संगठन के नाम से अलग संगठन भी बनाया गया। राज्य आंदोलनकारी प्रदीप भंडारी को संयोजक बनाया गया। बैठक में राज्य हित के मुद्दों पर संघर्ष करने, उत्तराखंड में मजबूत भू-कानून को लेकर जनजागरण अभियान चलाने, स्थानीय स्तर पर रोजगार, आवास एवं मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण और वन विभाग द्वारा नागरिकों के शोषण के खिलाफ आंदोलन चलाने पर सहमति बनी।
प्रदीप भंडारी ने कहा कि मसूरी में वन टाइम सेटलमेंट आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी कमल भंडारी, पूरण जुयाल, अजाज अहमद, शिवप्रसाद गोदियाल, प्रदीप भंडारी, कृष्ण सागर नौटियाल, श्याम सिंह चौहान मौजूद रहे।