प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को डाइट के लिए दिया जाने वाला भुगतान सरकार ने बढ़ा दिया है। अब खिलाड़ियों को हर दिन 100 रुपये नहीं, बल्कि 250 रुपये का भुगतान किया जाएगा।
देश में खेल की सबसे बड़ी संस्था ‘साईं’ के स्तर पर दिए जाने वाले भुगतान से भी यह ज्यादा होगा। ‘साईं’ खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं के दौरान 225 रुपये प्रति दिन के हिसाब से भुगतान करती है।
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले कई सालों से खिलाड़ियों को सिर्फ 100 रुपये प्रति दिन दिए जा रहे थे।
समझा जा सकता है कि दो वक्त का खाना और नाश्ता इतनी कम धनराशि में कैसे संभव हो पाता होगा। सरकार के संज्ञान में जब यह मामला लाया गया, तो तुरंत इसके आदेश जारी कर दिए गए। मंत्री ने दोहराया कि चार हजार खेल के मैदान और ढंग के चार खिलाड़ी भी तैयार न हो पाने वाली स्थिति अब नहीं चलेगी।
उन्होंने कहा कि खेलों के लिए आधारभूत ढांचा होना जरूरी है, मगर इससे ज्यादा फोकस खिलाड़ियों की प्रतिभा तराशने के लिए की जानी चाहिए। सरकार कोशिश करेगी कि अच्छे खिलाड़ी निकलकर सामने आए।
आईपीएल के लिए जारी रहेगी कोशिश
खेल मंत्री अरविंद पांडेय के अनुसार, दून में आईपीएल मैच कराने के प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि 24 से 27 अक्टूबर के बीच रणजी ट्राफी के मैच देहरादून में कराने पर सहमति बनी है। इससे सरकार उत्साहित है। उन्होंने 2018 में राष्ट्रीय खेलों के लिए सरकार के तैयार रहने की बात कही।