- 6वीं खेलो इंडिया विंटर गेम्स में उत्तराखंड के छह खिलाड़ियों ने दिखाया दम
संवाद न्यूज एजेंसी
देहरादून। लेह लद्दाख में आयोजित 6वीं खेलो इंडिया विंटर गेम्स में उत्तराखंड के आदर्श ने फिगर स्केटिंग बालक नोविस वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता में शामिल हुए अन्य पांच खिलाड़ियों ने भी बेहतर प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया।
बुधवार को प्रेसवार्ता करते हुए टीम के मैनेजर नागेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय की देखरेख में 20 से 26 जनवरी तक खेलो इंडिया विंटर गेम्स आयोजित हुए। इसमें आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के छह मेधावी शामिल हुए। फिगर स्केटिंग बालक नोविस वर्ग की प्रतियोगिता में आदर्श सिंह रावत ने बेहतर प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा उत्तराखंड से एक मात्र स्पीड स्केटर महिला खिलाड़ी मिमांशा नेगी अपने वर्ग में 500 और 1000 मीटर की शार्ट ट्रैक रेस में सेमीफाइनल तक पहुंचीं। फिगर स्केटिंग महिला खिलाड़ी तनिष्का सिंह ने भी एडवांस गर्ल सेक्शन में चौथा स्थान हासिल किया। इसके अलावा दल में सबसे छोटे खिलाड़ी धैर्य ने भी अपने वर्ग में कपंकपाती ठंड के बीच 500 और 1000 मीटर की दौड़ में टक्कर लेकर क्वार्टर फाइनल तक प्रदर्शन किया। इसी तरह आयुष रमेश कंसवाल भी सेमीफाइनल तक पहुंचे। फिगर स्केटर आयुष जगूड़ी ने एडवांस बॉयज की श्रेणी में छठवें स्थान पर कब्जा किया। इस मौके पर आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सदस्य यशवंत सिंह, सुभाष जगूडी, सुखबीर सिंह रावत, अल्का सिंह आदि मौजूद रहे।