ठीक से मुर्गा बन, नहीं तो मैडम को बोल दूंगा। आह.. मेरी कमर... बार-बार मुर्गा बनने से तो अब अंदर से भी मुर्गे की फीलिंग आने लगी है।
आखिर इस गधे को मॉनीटर बनाया किसने। बनाया तो पूरी क्लास ने ही था, लेकिन उस दिन हम दोनों एब्सेंट थे। और यह कहकर छात्रों के चेहरों पर खामोशी छा जाती है।
सोशल साइट पर कर रहे मतदान के प्रति जागरूक
चौंकिए नहीं, यह किसी क्लास का दृश्य नहीं है, बल्कि सोशल साइट व्हाट्सएप पर मतदान के प्रति जागरूक करता एक वीडियो है।
इस वीडियो के माध्यम से मतदाताओं को इस बात के लिए जागरूक किया जा रहा है कि यदि चुनाव के दिन आप भी घर बैठे रहे तो क्लास के मॉनीटर की तरह कोई नापसंद व्यक्ति आप पर राज कर सकता है।
यह वीडियो इन दिनों शहर के सैकड़ों लोगों के मोबाइल पर एक-दूसरे को भेजा जा रहा है। हालांकि, व्हाट्सएप पर नरेंद्र मोदी, लाल कृष्ण आडवाणी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल भी छाए हुए हैं। इन नेताओं को लेकर सबसे ज्यादा थ्री-डी इमेज आधारित व्यंगात्मक वीडियो लोगों को भा रहे हैं।
स्लोगन की भरमार
इसके अलावा मतदान पर जागरूक करने के लिए स्लोगन की भी भरमार है, जिसे मतदाता एक-दूसरे को शेयर कर रहे हैं। सोशल मीडिया के जरिये मतदान की जागरूकता को लोग सकारात्मक कदम बता रहे हैं।
सिविल लाइंस निवासी गगन समीर का कहना है कि आईटी का जमाना है। ऐसे में लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने के लिए इसका उपयोग किया जाना अच्छा संकेत हैं।