सोमवार रात से उत्तरकाशी जनपद की निचली घाटियों में बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू होने से जबर्दस्त ठंड पड़ रही है।
पढ़ें,बेटे का मुंह देख दान कर दी बेटी की आंखें
हालांकि मंगलवार सुबह धूप खिलने पर मौसम खुशगवार हो गया, लेकिन शाम होते होते एक बार फिर आसमान में बादल छाने से बारिश एवं बर्फबारी के आसार हैं। फिलहाल जिले में बर्फ की चादर करीब आठ हजार फीट की ऊंचाई तक उतर आई है।
बर्फबारी से मुश्किलें बढ़ीं
सोमवार देर रात तथा मंगलवार सुबह जिले में आठ हजार फीट से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम के साथ ही टौंस घाटी में सांकरी से आगे हरकीदून, केदारकांठा, यमुना घाटी में गीठ वजरी पट्टी तथा गंगा घाटी में उपला टकनौर क्षेत्र में बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है।
पढ़ें,शादी का झांसा दे फौजी ने लूट ली युवती की इज्जत
ऊंचाई वाले राड़ी टॉप, सुक्की टॉप तथा चौरंगीखाल में भी बर्फबारी होने से सड़क फिसलन भरी हो गई है। फिलहाल इन स्थानों पर यातायात चालू है, लेकिन यदि मंगलवार रात को फिर बर्फबारी हुई तो इन स्थानों पर वाहनों के पहिए जाम हो सकते हैं।
नहीं आ रहे पर्यटक
बर्फबारी से हाड़ कंपाती ठंड उपजने से हर्षिल, धराली तथा बीफ खरसाली क्षेत्र के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पढ़ें,सोशल साइट्स के सहारे चमक रहा जिस्म फरोशी का धंधा
बीते सालों में तो पर्यटकों की आवाजाही से रोजगार में व्यस्त होने के कारण लोगों को ठंड की दुश्वारियां कम लगती थीं, लेकिन इस बार पर्यटक स्थल वीरान पड़े होने से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। इस बार क्रिसमस एवं नए साल का जश्न मनाने पर्यटक यहां नहीं पहुंचे थे।
कर्णप्रयाग में भी ठंड बढ़ी
कर्णप्रयाग में मंगलवार तड़के से आसमान में घने बादल छाए रहे। इस दौरान कई बार छिटपुट बूंदाबांदी भी हुई। मौसम के करवट बदलने के साथ ही नगर में दिनभर कड़ाके की ठंड रही।
पढ़ें, ऐसा पर्यटन स्थल जहां पीने का पानी ही नहीं
उधर पिंडरघाटी के नारायणबगड़, थराली, देवाल और ग्वालदम में भी दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहे। इस दौरान यहां बारिश की बूंदों के साथ बर्फ की फुंआरें भी गिरी। जबकि ऊंचाई वाले वैदनी, ऑली और बगची बुग्याल सहित रूपकुंड क्षेत्र में बर्फबारी की सूचना है।
गैरसैंण क्षेत्र के भराड़ीसैंण सहित दूधातोली की पहाड़ियों पर हल्का हिमपात हुआ है। मंगलवार दिनभर शीत हवाओं के चलते यहां कड़ाके की ठंड के चलते लोग परेशान रहे।