(तस्वीर में- केदारनाथ में बर्फ)
मौसम विभाग की भविष्यवाणी सटीक साबित हुई। शुक्रवार को चारों धामों गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ में बर्फ की चादर बिछ गई। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ धाम में ढाई फीट से अधिक बर्फ गिर चुकी है। चमोली जिले में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, रूद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, लाल माटी और पर्यटन स्थली औली में जमकर बर्फबारी हुई।
उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री और गंगोत्री धाम सहित हरकीदून, केदारकांठा, डोडीताल, दयारा आदि ऊंचाई वाले पर्यटक स्थल बर्फ से लकदक हो गए हैं। बारिश और बर्फबारी से उपजी कड़ाके की ठंड को देखते हुए उत्तरकाशी जिले में तीस जनवरी को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
तापमान माइनस में
केदारनाथ में शुक्रवार को सुबह नौ बजे से शाम तक रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। इससे यहां पूरे दिनभर तापमान माइनस में रहा। निम के मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि धाम में चारों तरफ ढाई फीट से अधिक बर्फ गिर चुकी है।
छानी कैंप, लिनचौली और रामबाड़ा में आधा फीट तक बर्फ जम चुकी है। द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम, तृतीय केदार श्रीतुंगनाथ, चोपता, दुगलबिट्टा सहित हरियाली डांडा में भी बर्फबारी हुई है। गौरीकुंड, ऊखीमठ, सोनप्रयाग और गुप्तकाशी में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।