मौसम का मिजाज सोमवार को फिर बदला-बदला सा दिखा। अधिकांश इलाकों में दिन में बादल छाए रहे। रुद्रप्रयाग और चमोली जिले में चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई।
उत्तरकाशी में रिमझिम बारिश होती रही। इससे ठंड बढ़ गई है। उत्तराखंड में मंगलवार को भी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक चोटियों पर बर्फबारी भी हो सकती है।
चमोली जिले में बादल और धूप के बीच दिन भर लुकाछिपी चलती रही। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, औली, गौरसों बुग्याल, रुद्रनाथ, लाल माटी, नीती और माणा घाटियों में भी रुक-रुककर बर्फबारी होती रही। दोपहर में कुछ देर तक निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई।
केदारनाथ धाम में भी सुबह मौसम बिगड़ गया। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) के मुताबिक धाम में तीन इंच तक ताजा बर्फबारी हुई है। हालांकि दोपहर तक यहां मौसम साफ हो गया। उत्तरकाशी जिले में बीते कुछ दिनों से गर्मी का अहसास होने लगा था, लेकिन सोमवार सुबह से रुक-रुक कर हुई रिमझिम बारिश से ठंड फिर लौट आई है। दोपहर बाद बारिश का सिलसिला थमा।