दून की बेटी स्नेह राणा ने शानदार प्रदर्शन के बूते सीनियर भारतीय टी-20 महिला टीम में भी जगह बना ली है।
इसी 19 जनवरी को सीनियर महिला टीम की सदस्य के तौर पर स्नेह ने श्रीलंका के खिलाफ पदार्पण किया था।
करती हैं ऑफ ब्रेक गेंदबाजी
दाएं हाथ की इस ऑफ ब्रेक गेंदबाज ने अपनी घूमती गेंदों पर श्रीलंकाई बल्लेबाजों को नचा अपने चयन को सही निर्णय साबित कर दिया।
महज नौ साल की उम्र से क्रिकेट में नाम चमका रही स्नेह इससे पहले पंजाब की अंडर-19 टीम की कमान संभाल चुकी है। इंटर जोनल के साथ ही इंडिया ग्रीन और इंडिया रेड में भी उसका शानदार प्रदर्शन रहा है।
उत्तराखंड की दूसरी खिलाड़ी
दून से केवल 18 किलोमीटर दूर सिनौला गांव की रहने वाली स्नेह एकता बिष्ट के बाद उत्तराखंड से सीनियर महिला भारतीय क्रिकेट टीम में शामिल होने वाली दूसरी खिलाड़ी है।
स्नेह की सफलता पर देहरादून में उनके कोच नरेंद्र शाह भी काफी खुश हैं। उन्होंने कहा कि पहले मैच में मौका मिलना बड़ी बात है।