गुलदार की खाल और पकड़े गए आरोपी के साथ पुलिसकर्मी। संवाद
- फोटो : DEHRADUN
वन्य जीव तस्करी के खिलाफ एसटीएफ ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पिथौरागढ़ के सेराघाट क्षेत्र से एक तस्कर को गुलदार की छह खालों के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से गुलदार के दांत, नाखून और एक कार बरामद हुई है। तस्कर का एक साथी एसटीएफ को चकमा देकर भागने में सफल हो गया।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि एसटीएफ वन्य जीव तस्करों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी दौरान पता चला कि पिथौरागढ़ के सेराघाट क्षेत्र में दो तस्कर वन्य जीवों के अंगों की तस्करी में लिप्त हैं। इस पर एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट ने वहां पर छापा मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम राहुल सिंह डसीला निवासी ग्राम सेरा उर्फ बडोली, बेरीनाग, पिथौरागढ़ है। आरोपी के पास से गुलदार की छह खाल, 43 नाखून और 24 दांत बरामद हुए हैं।
एसएसपी ने बताया कि उसका एक साथी सोनू डोभाल निवासी सेरा, बडोली सेराघाट, पिथौरागढ़ वहां से भागने में सफल हो गया। बता दें कि गुलदार वन्य जीव अधिनियम के तहत श्रेणी एक का जानवर है। इसके शिकार पर पूर्णतया प्रतिबंध है। आरोपियों के खिलाफ बेरीनाग थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। भागने वाले आरोपी की तलाश में एसटीएफ और पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया है। बतादें कि पिछले दिनों भी गुलदार की खाल के साथ एक तस्कर पकड़ा गया था।
----
करंट लगाकर मारते हैं गुलदार को
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गुलदार को सेराघाट के जंगलों में करंट लगाकर मारते हैं। इसके बाद इनकी खालों को नेपाल में बेचते हैं। इससे पहले भी 2019 में आरोपी और साथी नेपाल में कई खाल बेच चुके हैं। आरोपी से बरामद खाल भी करीब दो साल पुरानी बताई जा रही है।