नगर निगम की बोर्ड बैठक में दूसरे दिन सीमा विस्तार और सफाई मुद्दे पर पार्षदों ने जोरदार हंगामा किया। महापौर पर हिटलरशाही का आरोप लगाते हुए पार्षदों ने सदन के बेल में धरना भी दिया। हंगामे के बीच महापौर ने सीमा विस्तार और मलिन बस्तियों के भवन स्वामियों से गृहकर वसूलने संबंधी प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित कर लिया।
शहर की मलिन बस्तियों के बाशिंदों को भी अब गृहकर देना होगा। नगर निगम की बोर्ड बैठक में इस आशय के प्रस्ताव पर मुहर लग गई है। पार्षदों के भारी हंगामे के बीच इस प्रस्ताव को पारित कर दिया गया।
अब राजधानी के 128 मलिन बस्तियों के करीब 40,000 भवन स्वामियों को गृहकर अदा करना होगा। हालांकि, इनको गृहकर में रियायत देते हुए 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
महापौर विनोद चमोली ने कहा कि प्रस्ताव पारित होने के बाद गृहकर मद में इन भवन स्वामियों से सालाना दो करोड़ राजस्व की वसूली होगी। जो ऐसा नहीं करेगा उसे जुर्माना भी भरना पड़ेगा।