उत्तराखंड के चीफ जस्टिस जोसेफ का तबादला कर दिया गया है।
कर्नाटक हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एसके मुखर्जी उत्तराखंड के नए चीफ जस्टिस हो सकते हैं। वह उत्तराखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस केएम जोसेफ की जगह लेंगे। जोसेफ दूसरी जगह जा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के कोलेजियम ने इन तबादलों की सिफारिश की है। यह सिफारिश विधि मंत्रालय के पास विचाराधीन है। समझा जाता है मंत्रालय जल्द ही इस मामले में फैसला लेगा।
पूर्व कानून मंत्री और कांग्रेस नेता एम वीरप्पा मोइली और पूर्व अतिरिक्त सॉलिसीटर जनरल इंदिरा जय सिंह ने उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन हटाने का फैसला देकर चर्चा में आए जस्टिस जोसेफ के तबादले की सिफारिश की आलोचना की है।
मोइली ने कहा कि वह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर जोसेफ का तबादला क्यों किया जा रहा है। अगर सरकार के कहने पर ऐसा किया जा रहा है तो यह देश के न्यायिक इतिहास का सबसे त्रासद हिस्सा होगा। इससे न्यायपालिका की स्वतंत्रता को गहरा धक्का लगेगा।